फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस कस्टडी से भागा इंस्पेक्टर अनिल का हत्यारोपी

Fri, 12 Aug 2016 12:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़
विज्ञापन
crime
विज्ञापन
इंस्पेक्टर अनिल कुमार की हत्या का आरोपी जीशान गुरुवार को न्यायालय में पेशी के बाद लौटते समय प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया। शोर मचाने के बाद भी आरपीएफ और जीआरपी वाले सुस्त पड़े रहे। आरोपी रेलवे लाइन के किनारे खड़ी काली रंग की पल्सर पर सवार दो लोगो के साथ बैठकर भाग जाने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी, कोतवाल, चौकी इंचार्ज ने स्टेशन का चप्पा-चप्पा छान मारा। शहर में नाकेबंदी कराई गई, मगर जीशान का कुछ पता नहीं चल पाया।
विज्ञापन


गत वर्ष नवंबर माह में कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर अनिल कुमार की जिला महिला अस्पताल के सामने वैष्णवी होटल के नीचे चलने वाले मॉडल शाप में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोप में पल्टन बाजार निवासी जीशान और उसके साथी बोचा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जिला जेल में एसटीएफ के सिपाही के साथ मारपीट के मामले में जीशान का नाम आने पर उसे यहां से बहराइच जेल शिफ्ट किया गया था। गुरुवार को इंस्पेक्टर अनिल की हत्या में जीशान की पेशी थी। बहराइच पुलिस लाइन के एचसीपी रामआसरे, सिपाही हनुमान यादव, फुल्लर प्रसाद और शिवरतन मौर्य की अभिरक्षा में जीशान को न्यायालय में पेश किया गया। पेशी के बाद पुलिसवाले जीशान को लेकर ट्रेन पकड़ने प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन आए। उसी समय लखनऊ जाने वाली पंजाब मेल प्लेटफार्म दो पर खड़ी थी। ये लोग भागते हुए गए, मगर ट्रेन छूट गई। पुलिसकर्मियों को जीशान को लेकर लखनऊ और वहां से बहराइच जाना था। ट्रेन छूटने के बाद पुलिस वाले दूसरी ट्रेन की प्रतीक्षा करने लगे। पुलिसकर्मियों के मुताबिक इसी बीच जीशान ने बताया कि उसको शौच जाना है। इसके लिए वह प्लेटफार्म तीन पर खड़ी पद्मावत एक्सप्रेस में गया।

इस दौरान पुलिसकर्मी कोच के बाहर खड़े होकर इंतजार करने लगे। शौच के बाद ट्रेन से निकलने पर सिपाही जीशान की हथकड़ी वाली रस्सी पकडे़ रहे। जीशान हैंडपंप पर हाथ धोने के लिए झुका और पुलिस वालों को चमका देकर वेस्ट रेलवे केबिन की तरफ तेजी से भाग निकला। उसको भागते देख सिपाहियों ने हथकड़ी की रस्सी खींची तो उनके होश उड़ गए। कटी हुई रस्सी उनके हाथ में थी और जीशान हथकड़ी सहित भाग चुका था। एचसीपी रामआसरे ने बताया कि उन लोगों ने उसे दौड़ाया, मगर वह रेलवे लाइन के किनारे खड़ी काली रंग की पल्सर पर बैठकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया। उन्होंने फौरन इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। जीआरपी और आरपीएफ की भी मदद मांगी, मगर पुलिसवालों ने फौरन कोई एक्शन नहीं लिया। जब तक कोतवाली की फोर्स पहुंचती जीशान इनकी पकड़ से बहुत दूर जा चुका था। सूचना मिलने के बाद रेलवे स्टेशन पहुंचे एएसपी स्वामीनाथ, सीओ सिटी, कोतवाल व चौकी इंचार्ज भंगवा ने बहराइच पुलिस से पूछताछ की। कोतवाल हरिपाल सिंह ने बताया कि जीशान हथकड़ी की रस्सी काटकर फरार हो गया। तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें