विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दर्जन कनेक्शन काटने के साथ बिजली चोरी करने पर पंद्रह से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। बीस लाख के राजस्व वसूली के लिए बड़े बकाएदारों को नोटिस दिया गया है।
लालगंज विद्युत उपखंड अभियंता वरुण वर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान में विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में छापेमारी कर रही है। अभी तक दो दर्जन से अधिक बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए हैं। सगरा सुंदरपुर, सांगीपुर, उदयपुर व राहाटीकर में 15 से अधिक पर विद्युत चोरी के आरोप में केस दर्ज कराया गया है। अब विभाग राजस्व वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई करने का मन बना चुका है।
इसके लिए लगभग बिजली के बिल के बड़े अस्सी बकाएदारों से बीस लाख की वसूली का नोटिस दिया गया है। उन्हें बकाया बिल जमा करने के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। समयावधि के भीतर जिन बकाएदारों को नोटिस मिला है, उनके बिल नहीं जमा करने पर कनेक्शन काटने के साथ मुकदमा दर्ज कराए जाने की तैयारी है। लालगंज तहसील क्षेत्र में विद्युत विभाग की सप्ताह भर से ताबड़तोड़ छापेमारी की कार्रवाई जारी है। विद्युत विभाग की टीम के गांव में पहुंचते ही अफरातफरी का माहौल बन जाता है। कार्रवाई की जद में सबसे ज्यादा कटियामारी करने वाले और बकाए के चलते काटे गए कनेक्शन को जोड़कर बिजली चलाने वाले शामिल हैं।