हथिगवां थाना क्षेत्र के सरैया प्रवेशपुर गांव में शनिवार रात पंचायत चुनाव की रंजिश में घर से बुलाकर सुरेंद्र गौतम (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव ग्रामीणों ने देखा तो हड़कंप मच गया। मौके पर जुटी भीड़ आक्रोशित हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। ग्रामीण किसी को शव के करीब नहीं जाने दे रहे थे। बवाल की जानकारी होने पर आसपास के थानों से बड़ी संख्या में फोर्स पहुंच गई। इसके साथ ही थोड़ी देर में जिलाधिकारी के साथ ही एसपी भी पहुंचे। बावजूद इसके ग्रामीणों ने करीब छह घंटे तक शव नहीं उठने दिया। बाद में काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने शव उठने दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हथिगवां थाना क्षेत्र के सरैया प्रवेशपुर गांव में पंचायत चुनाव में करीब आधा दर्जन लोग प्रधान पद के उम्मीवार थे। इसमें से गांव का सुरेंद्र गौतम (22) पुत्र सोहनलाल गांव के कमलेंद्र पांडेय का समर्थक था। इसके चलते उसे धमकियां मिल रही थीं। ग्रामीणों की मानें तो गांव के एक प्रत्याशी ने उसे 13 दिसम्बर को गोली मारने की धमकी दी थी। शनिवार की रात सुरेंद्र के मोबाइल पर गांव के एक व्यक्ति का फोन आया और उसे बुलाया गया। जिस पर वह घर से निकलकर उस व्यक्ति के पास चला गया, लेकिन फिश्र लौटकर घर नहीं आया। सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो उसका रक्तरंजित शव पड़ा हुआ था। उसकी दाहिनी कनपटी पर गोली लगी हुई थी और घटनास्थल के आसपास खून फैला हुआ था। यह देख लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
गांववालों का आरोप था कि जिस व्यक्ति ने धमकी दी थी उसी ने ज्वाला उर्फ सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और सैकड़ों की संख्या में लाठी-डंडा लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह पश्चिमी मौके पर पहुंच गए। एसओ को देखते ही ग्रामीण आपा खो बैठे और उन्हें अपशब्द कहने लगे। बाद में उन्हें वहां से हटा दिया गया। ग्रामीणों का आक्रोश देख उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी व एसपी ने ग्रामीणों का समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। करीब छह घंटे बाद ग्रामीण किसी तरह शांत हुए। तब जाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में मृतक सुरेंद्र उर्फ ज्वाला के पिता सोहनलाल ने थाने में तहरीर देकर गांव के लालबहादुर पांडेय, आनंद स्वरूप पांडेय, गौरव शुक्ला, व विनाय मोहन पांडेय के विरुद्ध हत्या, व एससी एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई है।