अंतू थाना क्षेत्र के किठावर बाजार स्थित मोबाइल की दुकान में शनिवार की देर रात सेंध लगाकर चोर लाखों के सामान व नकदी लेकर फरार हो गए। मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई है। अंतू थाना क्षेत्र के किठावर बाजार निवासी राजेश की घर के समीप मोबाइल की दुकान है। शनिवार की देर रात वह दुकान बंदकर घर चला गया। सुबह दुकान खोलकर अंदर गया तो बिखरे सामान व कैश काउंटर खुला देख परेशान हो गया।
थोड़ी देर बाद उसकी नजर दीवार पर पड़ी। जिसमें चोरों द्वारा सेंध लगाई गई थी। ये देख उसके होश उड़ गए। वह चीखने-चिल्लाने लगा। शोर सुन आस-पास के लोग वहां पहुंच गए। घटना की जानकारी होने पर व्यापारियों के होश उड़ गए। चोरी की वजह से वे दहशत में हैं। पीड़ित के मुताबिक दुकान से 35 मोबाइल सेट, कम्प्यूटर, लैपटाप व अन्य उपकरण समेत हजारों रुपये चोरी किए गए हैं। मामले की शिकायत अंतू पुलिस से की गई हालांकि रविवार की देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका।