मामूली विवाद हो या पंचायत चुनाव। गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वालों पर अब पुलिस गैंगेस्टर और रासुका के तहत कार्रवाई करेगी। अवैध असलहे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। जिले में आए दिन हो रही गोली मारने की घटनाओं से पुलिस महकमा परेशान है। पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अफसर बवाल को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना ने बताया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस हरसंभव कोशिश कर रही है। पंचायत चुनाव हो या दूसरा कोई विवाद।
गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वाले लोगों पर अब प्रशासन सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है। हाल ही में जितनी भी मारपीट और फायरिंग की घटनाएं हुई हैं, उनमें रासुका और गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई करने के लिए थानेदारों को निर्देश दिया जा चुका है। आने वाले दिनों में यदि इस तरह की घटनाएं होती हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। अब बाइक चोरों का गैंग और अवैध असलहे के कारोबारी पुलिस की निगाह में हैं। चूंकि बाइक चोरी की घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं। ऐसे में पुलिस अब ऐसे गिरोह की खोजबीन कर घटनाओं पर अंकुश लगाने की तैयारी में है। क्राइम ब्रंाच के साथ ही खुफिया विभाग को भी ऐसे लोगों को चिह्नित करने के लिए लगाया गया है।