घर से स्मार्टफोन के लिए पैसा न मिलने पर एक किशोर ने कमरे के अंदर आग लगा ली। कमरे से धुआं निकलता देख परिजन पहुंचे तो वह आग का गोला बना था। घरवाले किसी तरह आग बुझाकर उसे कुंडा सीएचसी ले आए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरियावां गांव निवासी संत प्रसाद उपाध्याय का पुत्र राकेश (17) घरवालों से शुक्रवार की शाम स्मार्टफोन खरीदने के लिए पांच हजार रुपये की मांग कर रहा था। घरवालों ने पैसा न होने के कारण असमर्थता जताई। इसके बाद भी वह जिद पर अड़ा रहा। इस पर परिजनों ने उसे डांट दिया। इससे नाराज होकर वह अपने कमरे में चला गया। थोड़ी देर बाद घर के लोगों ने देखा कि उसके कमरे से धुआं निकल रहा है।
परिजनों ने दरवाजा खटखटाया तो वह अंदर से बंद था। बात समझ में आने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर देखा गया तो राकेश आग की लपटों से घिरा हुआ था। घरवालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।