जेठवारा थाना क्षेत्र के पट्टी भटनी गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने दंपति की पिटाई करने के साथ ही लूटपाट की। शोर पर गांव के लोग पहुंचे तो हमलावर बाइक छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस बाइक को थाने उठा ले गई। मानधाता थाना क्षेत्र के धनीपुर गांव निवासी अनीता पटेल पति राजाराम पटेल के साथ मंगलवार को बाइक से मायके जेठवारा थाना के जूड़ापुर निवासी मयाराम के घर गई थी। बुधवार देर शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
जेठवारा थाना क्षेत्र के पट्टी भटनी मोड़ के समीप तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने दंपति को रोक लिया। बदमाश उनके पास रहा सामान छीनने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर दोनों की जमकर पिटाई कर दी। अनीता के कान से झुमका और गले से मंगलसूत्र और पर्स छीन लिया। पर्स में पांच हजार रुपये थे। दंपति शोर मचाने लगे तो पट्टी भटनी गांव के तमाम लोग पहुंच गए। भीड़ देखकर बदमाश अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। एक बाइक बगैर नंबर की थी तो दो में प्रतापगढ़ का नम्बर पड़ा है।
पीड़िता ने इसकी शिकायत जेठवारा पुलिस से की। पुलिस बाइक को थाने उठा ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, एसओ जेठवारा मामले को पचाने में जुट गए है। उन्होंने घटना से ही इनकार कर दिया। एएसपी दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। बाइक थाने लाई गई है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।