कोतवाली क्षेत्र के वर्मानगर बाजार में बीते सोमवार की रात चोरों ने लाखों का सामान उड़ा लिया। बाजार में स्थित भोला गुप्ता की दुकान में चोर छत के रास्ते से दुकान में घुस गए। चोरों ने गल्ले में रखा 17 हजार की नकदी समेत कीमती सामानों पर हाथ फेर दिया। दुकान के पिछले हिस्से में व्यवसायी का परिवार रहा करता है। चोर पीछे की तरफ से मकान में भी घुस आए और यहां महिलाओं के सोने तथा चांदी के लाखों के कीमती आभूषण भी उठा ले गए। किराना व्यापारी के घर व प्रतिष्ठान में चोरी की घटना सुनकर आसपास के व्यापारी भी एकत्रित हो गए।
पीड़ित व्यापारी भोला ने कोतवाली पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर सौंपी। इसके बाद एसएसआई गयाप्रसाद शुक्ला पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों से घटना की बाबत जानकारी हासिल की। कोतवाल एसपी त्रिपाठी का कहना है तहरीर मिली है। जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बता दें अभी पिछली 21 अक्तूबर को कोतवाली क्षेत्र के बटौली गांव में छोटेलाल सरोज के घर भी चोरों ने ताला तोड़कर दो लाख रुपये से अधिक के जेवरात व गृहस्थी के सामान पर हाथ फेर दिया था। इस मामले में भी पीड़ित ने घटना के दूसरे दिन तहरीर सौंपी पर कोतवाली पुलिस जांच के नाम पर मुकदमा दर्ज किए जाने में हीलाहवाली करती आ रही है।