सोमवार को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर बम मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। आननफानन में जीआरपी ने पूरा स्टेशन घेर लिया। लखनऊ से जांच करने आए बम निरोधक दस्ते के काफी देर तक पड़ताल के बाद स्टेशन पर एक लावारिस बैग मिला। पुलिस के अनुसार किसी ने अफवाह फैला दी कि प्लेटफार्म एक पर थैले में बम रखा हुआ है। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते को थैले में से गैस चूल्हा बनाने वाला सामान, प्लास और पेचकस मिला।
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर बम मिलने की घटना के बाद स्टेशनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
त्योहारों के आगमन को देखते हुए प्रतापगढ़ स्टेशन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इसी परिप्रेेक्ष्य में लखनऊ से प्रतापगढ़ स्टेशन की जांच करने लखनऊ से आई बम निरोधक टीम जीआरपी थाने पर आकर बैठी थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि प्लेटफार्म एक पर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय के सामने एक लावारिस थैला पड़ा हुआ है। लोगों ने बम की अफवाह फैला दी। थाने पर बैठे बम निरोधक दस्ते के लोग एसएस कार्यालय के सामने पहुंचे। वहां पर पहले से यात्रियों की भीड़ जमा थी। पुलिस वालों ने सबको दूर हटाया।
थैले को मशीन से चेक किया। जब पता चल गया कि बम नहीं है, तो पुलिस वालों ने राहत की सांस ली। थैले की तलाशी ली गई तो उसमें लोहे का सामान, पेचकस और प्लास आदि मिले। यह लावारिस बैग किसका है, उसको वहां कौन छोड़कर गया, इसकी जानकारी नहीं हो पाई। तलाशी के दौरान पुलिस को थैले में से एक परिचय पत्र मिला है। उसकी जांच की जा रही है। एसपी जीआरपी ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए स्टेशनों और गाड़ियों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्टेशनों पर जगह-जगह बम निरोधी दस्ते को भेजकर पड़ताल करवाई जा रही है।