चोरों ने मशीनरी स्टोर्स का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। सुबह दुकानदार को जानकारी हुई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दी है लेकिन देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका।
रानीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर निवासी पप्पू ने पावरहाउस के घर के करीब मुख्य मार्ग पर इंजन, टुल्लू, मोटर पंप मशीनरी की दुकान खोल रखी है। रविवार को वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोरों ने शटर का ताला तोड़ने के बाद उसे टेढ़ा कर भीतर घुसे। चोरों ने गल्ले में रखा 86 हजार नकद, कीमती सामान पार कर दिया। इसकी आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लग सकी। सोमवार की सुबह दुकान का ताला टूटा देख आसपास के लोगों ने पप्पू को घटना की जानकारी दी। वह दुकान पर पहुंचे और रुपये व सामान गायब देख दंग रह गए। चोरी की खबर लगते ही गांव के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और छानबीन के बाद वापस लौट गई। चोरी की घटना से आसपास के दुकानदारों में दहशत व्याप्त है। इस बाबत एसओ लल्लन यादव का कहना है कि तहरीर मिली है घटना की छानबीन की जा रही है।