घरेलू कलह से आजिज आकर गुरुवार को एक विवाहिता ने खुद सल्फास खाया और अपनी पांच साल की बेटी को भी खिला दिया। पहले मां और बाद में इलाज के दौरान बेटी की भी मौत हो गई। मायके वालों ने इसके लिए विवाहिता के पति को कसूरवार ठहराया है। मगर उसके खिलाफ थाने में तहरीर नहीं दी है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के हड़पुर सौंध गांव में शैलेष यादव की पत्नी सीता देवी(25) पांच साल की बेटी हिमांशी को लेकर गुरुवार को दोपहर घर से निकली। रामापुर बाजार में उसने एक दुकान से सल्फास खरीदा। वहीं पर सल्फास खुद खाया और बेटी को भी बिस्कुट के साथ खिला दिया। मां-बेटी दोनों रास्ते में ही गिर पड़े। राहगीर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा ले गए। वहां पहुंचने के बाद डॉक्टर ने सीता को मृत घोषित कर दिया। हिमांशी की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वहां इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर सीता देवी के मायके बसंत पट्टी फतनपुर से उसके पिता और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। पिता राजाराम ने पति शैलेष पर उत्पीड़न और मारने-पीटने का आरोप लगाया है। मगर कोई तहरीर नहीं दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी। एसओ राजकिशोर ने इस तरह की घटना से अनभिज्ञता जताई है।