हेड टीटीई एसपी सिंह की हत्या के आरोप में जिला कारागार में निरुद्ध सहायक स्टेशन मास्टर अमित कुमार पाण्डेय को सजा मिलने के बाद सीनियर डीओएम लखनऊ डिवीजन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही आगे की कार्यवाही नियमानुसार करने का निर्देश दिया है। बता दें कि करीब दस साल पहले प्रतापगढ़ रेलवे में हेड टीटीई के पद पर तैनात शिव प्रताप सिंह की पड़ोसी से मारपीट हो गई थी। इस हमले में उनके सिर में गंभीर चोटे आई थीं। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में अमित कुमार पाण्डेय और इनके पिता अमरनाथ के खिलाफ 304, 504 और 506 की धारा में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज हुआ था।
मुकदमा मृतक शिवप्रताप सिंह के पुत्र नीरज सोमवंशी ने दर्ज कराया था। गत 7 जुलाई 2015 को अपर जिला सत्र न्यायाधीश ने शिव प्रताप सिंह की हत्या के आरोप में दोषी पाते हुए अमरनाथ और अमित पाण्डेय को 13-13 साल की सजा जुर्माने के साथ सुनाई थी। अमित कुमार पाण्डेय प्रतापगढ़ में सहायक स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात हैं। अदालत से सजा मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई भी शुरू हो गई। नीरज सोमवंशी के अधिवक्ता सुदीप रंजन मिश्र ने रेलवे से अमित पाण्डेय के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा था। अधिवक्ता सुदीप रंजन मिश्र ने बताया कि जवाब में सीनियर डीओएम लखनऊ का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्होंने अमित कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया है। साथ ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई को भी प्रस्तावित कर दिया है।