फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मानिकपुर थाने में घुसकर संतरी की हत्या

Thu, 25 Feb 2016 11:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे छह बदमाशों ने मानिकपुर थाने पर हमला बोल दिया। बेखौफ बदमाशों ने एसओ को ललकारते और गालियां देते हुए अंधाधुंध बमबाजी के साथ ही फायरिंग की। विरोध पर थाने के संतरी होमगार्ड महादेव प्रसाद मिश्र (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक पचासों राउंड फायरिंग और बमबाजी कर पूरे इलाके को दहला दिया। थाने और बैरक में मौजूद पुलिसकर्मी दुबक गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपियों को दबोचने के लिए आननफानन में पुलिस टीमों को रवाना किया गया। भोर में दबिश देने पहुंची पुलिस पर बदमाशों ने फिर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि घेराबंदी कर पुलिस ने दो लोगों को पिस्टल और कारतूस के साथ धर दबोचा। खबर मिलने पर आईजी, डीआईजी समेत आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उधर, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में संतरी के शव को सलामी देकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
विज्ञापन


मानिकपुर एसओ परमेंद्र सिंह ने बुधवार दिन में मोबाइल लूट के मामले में एक दुकानदार को लालगोपालगंज से उठाया था। उसने घटना में शामिल कुछ बदमाशों के नाम बताए थे। शाम करीब पांच बजे बदमाशों ने एसओ को फोन कर धमकाया और दुकानदार को दो घंटे के भीतर न छोड़ने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस पर एसओ ने उन्हें हड़काकर फोन काट दिया। रात करीब 11.30 बजे एसओ को गोली मारने के लिए दुस्साहसिक छह बदमाश दो बाइकों से मानिकपुर थाने पहुंच गए। पहुंचते ही बमबाजी और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बेखौफ बदमाशों ने करीब दस पंद्रह बम थाने की दीवारोें पर फोड़े। थाने के गेट पर राइफल लेकर बैठे संतरी होमगार्ड महादेव प्रसाद मिश्र निवासी भरतपुर थाना संग्रामगढ़ ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

 थाने का मुंशी आलोक श्रीवास्तव व होमगार्ड प्रदीप कुमार शर्मा अपनी जान बचाने के लिए कार्यालय का दरवाजा बंद कर कोने में छिप गए। मंदिर पर बैठकर रखवाली कर रहा चौकीदार वहां से भाग निकला। करीब पंद्रह मिनट तक बदमाश थाने के भीतर घुसकर फायरिंग करते रहे। इस दौरान एसओ और उनके हमराही बैरकों में रहे। करीब पचास राउंड फायरिंग के बाद बदमाश आराम से वहां से भाग निकले। एसओ ने तत्काल आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। थाने के संतरी की गोली मारकर हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक एमपी वर्मा, एएसपी दिनेश सिंह, सीओ कुंडा कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी लेने के बाद पुलिस संदिग्ध बदमाशों की धरपकड़ के लिए निकल पड़ी। रात में ही डीआईजी व आईजी भी पहुंच गए और मातहतों से जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया गया।
विज्ञापन


इस मामले में एसओ प्रमेंद्र की तहरीर पर बालकृष्ण मिश्रा उर्फ बाले पुत्र सज्जनलाल निवासी बछरौली थाना हथिगवां, इमरान पुत्र हारून निवासी नजा का पुरवा बछंदामऊ हथिगवां, शिवा उर्फ शिवमणि तिवारी निवासी प्रतापपुर चेरगढ़ संग्रामगढ़ व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। गुरुवार भोर में आरोपियों की तलाश में निकली पुलिस को जानकारी मिली कि हमलावार इलाहाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज के पास मौजूद हैं। इस पर पुलिस वहां पहुंच गई। इस बीच बाइक सवार दो बदमाश आते दिखे। पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर विकास मिश्र निवासी अंतू और शिवा उर्फ शिवमणि तिवारी को धर दबोचा। उनके पास से दो पिस्टल, कारतूस बरामद हुआ। पुलिस उनसे पूछताछ करने के बाद फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें