कस्बे से पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 128 पेटी देशी शराब बरामद की है। इसके साथ ही एक टवेरा गाड़ी और चार लोगों के साथ ही यूपी के रैपर आदि भी बरामद किए गए हैं। पुलिस शराब को सील कर पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
कुंडा कोतवाल को मंगलवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि गांधी नगर तिराहे पर स्थित एक मकान में शराब की बड़ी खेप रखी हुई है। उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित करते हुए सीओ असित श्रीवास्तव व थाने के सभी एसआई के साथ मकान पर छापेमारी की तो वहां 128 पेटी देशी शराब बरामद हुई। इस दौरान गोदाम में चार लोग भी पकड़े गए। शराब की सप्लाई के लिए एक टवेरा भी रखी गई थी। इसके अलावा पुलिस को यूपी के 36 के रैपर भी मिले हैं। यह शराब अरुणाचल, गोवा और नंदगढ़ की है।
रैपर लगाने से पता चलता है कि यह शराब ठेकों पर भी भेजवाई जाती थी और उसे यूपी के रेट पर बेचा जाता था। इसके अलावा दो डायरी भी मिली जिसमें कई लोगों के नाम भी दर्ज हैं और उनसे मिलने वाले पैसे का हिसाब भी है। गोदाम में गाड़ी बनाने के उपकरण भी रखे हुए थे। इसके अलावा गोदाम पर रहने वालों के लिए बेहतर व्यवस्था भी की गई थी। फिलहाल पुलिस शराब, गाड़ी को जब्त कर कोतवाली ले आई। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। देर रात तक आरोपियों पर मुकदमा लिखने की तैयारी की जा रही थी।