पल्टन बाजार स्थित एक मकान पर कब्जे को लेकर कई दिनों से टकराव चल रहा था। इससे परेशान पुलिस ने शनिवार को प्रशासन की कार्रवाई का ताला ठोंकवा दिया। विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पूर्व प्रमुख समेत नौ लोगों को पाबंद भी किया है। शहर के पल्टन बाजार में एक कीमती व पुराने मकान को लेकर कई दिनों से दो पक्षों के बीच टकराव चला आ रहा था। इस जमीन का बैनामा लेकर पांच लोग कोतवाली का चक्कर लगा रहे थे। शुक्रवार की रात को मकान पर कब्जे को लेकर हंगामा हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया और मकान में ताला बंद करा दिया। शनिवार को एक पक्ष से मकान का ताला तोड़ दिया गया। इस बात की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाल हरपाल सिंह यादव, चौकी प्रभारी पीयूष पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ताला तोड़कर घुसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद मकान व दुकान में ताला बंद जड़ दिया। कोतवाल ने बताया कि धारा 145 के तहत मकान को सील कर दिया गया है। विवाद के निपटारे तक मकान में कोई प्रवेश न कर सकेगा। साथ ही एक पक्ष से पूर्व प्रमुख व अधिवक्ता शांति सिंह, मोहम्मद जाहिद बब्बे, कौशलेश कुमार, करुणेश कुमार और अंसार अहमद दूसरे पक्ष से विक्रम सिंह, शब्बीर अहमद, सुभाष राम व राहुल को शांति भंग की आशंका को देखते हुए पाबंद करने की कार्रवाई की गई है।