मंगलवार की सुबह स्थानीय बाजार में स्थित एक कोचिंग संस्थान में दबंगों ने तोड़फोड़ करने के साथ ही संचालक को जमकर पीटा। दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की गई। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े। लेकिन दबंग हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। तहरीर मिलने पर पुलिस ने चार नामजद और चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मानधाता थाना क्षेत्र के कोपा किठावर निवासी जीतेंद्र पटेल पुत्र लालजी पटेल ने विश्वनाथगंज बाजार में सुपरविजन इंस्टीट्यूट के नाम से कोचिंग व कंप्यूटर संस्थान खोल रखा है। रात में वह कोचिंग संस्थान में ही रुक जाते थे। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे पल्सर, अपाची बाइक से आठ लोग कोचिंग संस्थान पर आकर रुके। वे अंडरग्राउंड में बने अस्थाई आवास में घुसे और जीतेंद्र पटेल को बाहर निकलने के लिए कहा। विलंब होता देख हमलावर दरवाजा तोड़ते हुए सभी बदमाश भीतर घुस गए। कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ करने के साथ ही संचालक को पीटने लगे। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े।
लोगों को आते देख हमलावर उनसे बचने के लिए असलहों से फायर करने लगे। फायर की आवाज सुनकर लोग पीछे हट गए। इसका फायदा उठाते हुए हमलावर असलहा लहराते हुए बाइक लेकर भाग निकले। सूचना मिलने पर एसओ मानधाता राजकिशोर मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने के बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। घायल कोचिंग संचालक ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि पंद्रह दिन पहले एक शिक्षिका को उसने संस्थान से बाहर कर दिया था। जिसकी रंजिश में हमलावरों ने उस पर हमला बोला। इस मामले में पुलिस ने शोएब अख्तर, इरफान निवासी चांदपुर, मुजम्मिल खां निवासी हरिहरपुर व आलेहसन निवासी कनेस्ता रंगौली व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। मौके से खोखा मिला थ्रा, जिसे कब्जे में ले लिया गया है।