कोतवाली क्षेत्र के अघिया गांव में शादी में देने के लिए बुधवार की रात प्रतिबंधित पशुओं को काटा गया। सूचना पर भोर में पहुंची पुलिस ने चार क्विंटल प्रतिबंधित मांस बरामद किया। इस दौरान घर के बीच होने के कारण मौके से सात लोग भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कुंडा कोतवाली के अघिया गांव निवासी अख्तर उर्फ रजा उर्फ कुल्लू पुत्र मो.नाजिम ने अपने ही घर में कुछ लोगों के साथ शादी में मांस देने के लिए प्रतिबंधित पशु का मांस काटा था। मुखबिर से पुलिस को प्रतिबंधित पशु का मांस कटने की सूचना मिल गई।
सटीक खबर मिलने के बाद गुरुवार भोर में ही पुलिस ने अख्तर के घर पर छापेमारी की। घर गांव के बीच में होेने के कारण पुलिस के मौके तक पहुंचने के पहले ही सभी आरोपी भाग निकले। घर में सिर्फ महिलाएं ही मिलीं। महिलाओं ने ही बताया कि किसी को शादी में देने के लिए मांस काटा गया था। मौके से पुलिस ने चार कुंतल प्रतिबंधित मांस, चमड़ी, चापर, खुर आदि बरामद किया है। पुलिस ने अख्तर उर्फ रजा उर्फ कुल्लू पुत्र मो.नाजिम निवासी अघिया, शहंशाह पुत्र उस्मान, बादशाह पुत्र उस्मान, नूरे पुत्र महबूब, नवी पुत्र महबूब व दो अज्ञात के खिलाफ 429, 504, 506 आईपीसी, 3/12,8 गोवध अधिनिवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। कोतवाल आरके चंदेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। बरामद मांस को जांच के लिए भेजा जा रहा है।