सपा का झंडा लगे वाहन (स्कार्पियो) से पुलिस ने लाखों रुपये की अवैध देसी शराब बरामद की है। सांगीपुर इलाके के नौबस्ता के समीप पिचूरा मोड़ के पास स्कार्पियो के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद गाड़ी पर सवार लोग भाग निकले। पुलिस ने शराब लदी स्कार्पियो को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सांगीपुर इलाके में शराब तस्करी के मामले का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस जांच करने में जुटी हुई है। सांगीपुर थाने के नौबस्ता गांव के समीप पिचूरा मोड़ के पास रविवार रात लगभग 9 बजे सपा का झंडा लगी एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना के बाद स्कार्पियो सवार गाड़ी लाक कर भाग निकले। लोगों ने स्कार्पियो के अंदर देखा तो देसी शराब की हजारों बोतलें थीं। इसी बीच उदयपुर एसओ संतोष दुबे शहर मुख्यालय से वापस जा रहे थे। उन्होंने स्कार्पियो में शराब लदी देख सांगीपुर थानाध्यक्ष एमपी तिवारी को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे एसओ ने देसी शराब लदी गाड़ी को कब्जे में ले लिया। थाने ले गए।
यहां गाड़ी तलाशी ली गई। इसमें करीब दो हजार देसी शराब की बोतलें मिलीं। लाखों रुपये की शराब गाजीपुर जिले की बताई जा रही है। आशंका है कि अवैध शराब की तस्करी कर इसे कहीं ले जाया जा रहा था। पुलिस सूत्रों की मानें तो जिस गाड़ी से अवैध शराब बरामद हुई है, वह गाड़ी जिले के ही किसी व्यक्ति की है। हालांकि पुलिस ने गाड़ी मालिक का नाम नहीं बताया। सांगीपुर एसओ ने अज्ञात के खिलाफ अवैध शराब की तस्करी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ ने बताया कि स्कार्पियो में बरामद शराब गाजीपुर जिले की है। इसे कहां ले जाया जा रहा था। इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।