देवसरा इलाके के पीथापुर गांव में सोमवार को रंजिश में पड़ोसी ने कक्षा पांच के छात्र नीरज का उस्तरे से गुप्तांग काट डाला। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। पिता बच्चे को लेकर थाने पर पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। किसी तरह सीएचसी आया तो डाक्टरों ने बालक का इलाज शुरू किया। देर शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
पीथापुर गांव निवासी रमेश हरिजन का पुत्र नीरज कक्षा पांच का छात्र है। रमेश की पड़ोसी से पुरानी रंजिश है। आरोप है कि नीरज को पड़ोस के कुछ लोग सोमवार को बहलाकर बाग में ले गए। वहां पहुंचकर इन युवकों ने नीरज को दबोचकर उस्तरे से उसका गुप्तांग काट दिया। इससे वह चिल्लाने लगा।
उसकी आवाज सुनकर वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार मौके पर पहुंचा। नाम पूछने के बाद वह बालक को उसके घर ले आया। पिता रमेश बेटे को लेकर देवसरा थाने पहुंचा, लेकिन वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टे उसे यह कहा गया कि वह अपना प्रार्थनापत्र हल्का सिपाही को दे दे। अपने मासूम के साथ हुई हैवानियत पर पुलिस का यह रवैया देख रमेश रो पड़ा। वह बेटे को लेकर सीधे सीएचसी अमरगढ़ भागा। जहां अधीक्षक डा. आरसी यादव ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।