नगर क्षेत्र में शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे एक कपड़ा व्यवसायी की बहू ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर से शव निकाला। नगर के कपड़ा व्यवसायी राधेश्याम खंडेलवाल की बहू मोनिका खंडेलवाल (30) पत्नी बसंत कुमार ने शनिवार को किसी बात को लेकर बच्चों की पिटाई कर दी। घर आने पर बसंत को इसकी जानकारी हुई। बच्चों की पिटाई से नाराज बसंत ने मोनिका को जमकर फटकार लगा दी।
कुछ देर बाद वह बाजार की तरफ चला गया। बताते हैं कि पति की फटकार से मोनिका काफी क्षुब्ध थी। रात करीब साढ़े नौ बजे उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पंखे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बसंत घर पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। वह दरवाजा खुलवाने लगा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखा तो मोनिका का शव फंदे से लटक रहा था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा। बताया जाता है कि बंसत की पहली पत्नी जलकर मर गई थी। दो वर्ष पहले उसने मोनिका के साथ दूसरी शादी की थी।