एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र मदाफरपुर के प्रभारी को लूटने के लिए गोली मारने वाले बदमाशों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है। शुक्रवार को उनकी तलाश में पुलिस ने दबिश भी दी। घायल असलम की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोहंडौर थाना क्षेत्र के अतरसंड निनवट निवासी असलम ने डायट के करीब चिलबिला एसबीआई से संचालित ग्राहक सेवा केंद्र खोल रखा है। गुुरुवार को बैंक से दो लाख रुपये निकालकर डायट जा रहे असलम को सरौली मोड़ पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर लूटने की कोशिश की, लेकिन वह गोली लगने के बाद भी भाग निकला। इस मामले में घायल असलम की मां सुबरा की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। एसओ राजकिशोर ने बताया कि बदमाशों को चिह्नित कर लिया गया है। उनकी तलाश में दबिश भी दी गई, लेकिन वे मिले नहीं। बदमाशों की तलाश में थाने की दो टीमें बराबर लगी हुई हैं।