शहर के पल्टन बाजार में रास्ता अवरुद्ध करने व जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार न करने से नाराज मोहल्ले के लोगों ने शनिवार दोपहर चौक-कचहरी मार्ग पर जाम लगा दिया। चिलचिलाती धूप में जाम से राहगीरों को हलाकान होना पड़ा। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी व शहर कोतवाल के समझाने पर लोग शांत हुए। मौके का भी पुलिस ने निरीक्षण किया और पाया कि रास्ता अवरुद्ध किया गया है।
पल्टन बाजार मोहल्ले में मौर्य बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते को सुभाष सोनी ने अवरुद्ध कर दिया है। खड़ंजे को उखाड़कर रास्ते पर गेट लगा दिया गया है। इससे इलाके के लोगों का आवागमन बंद है। इस मामले की शिकायत मोहल्ले के तसकील उर्फ शाहिद ने तहसील दिवस में अधिकारियों से की थी। इस मामले में नगर पालिका के ईओ ने सुभाष को सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन उसने नपा के नोटिस पर ध्यान नहीं दिया।
इसके अलावा 24 जनवरी को मोहल्ले के ही अकबर के ऊपर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी न होने और रास्ता अवरुद्ध करने को लेकर शनिवार को मोहल्ले के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने नारेबाजी करते हुए राजापाल चौराहे के करीब चौक-कचहरी मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे चिलचिलाती धूप में लोगों को हलाकान होना पड़ा। जाम की खबर मिलते ही सिविल लाइन चौकी प्रभारी पीयूष पांडेय, मकंद्रूगंज चौकी प्रभारी वजीउल्ला दलबल के साथ पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनने के बाद मामले से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर सीओ सिटी एमपी सलोनिया और शहर कोतवाल अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों की बात सुनने के बाद अतिक्रमण स्थल भी देखा। कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम समाप्त कराया। इस मौके पर आजाद, पठान, ताहिर, नासिर, नजीर, तौहीद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।