शहर के दहिलामऊ में गुरुवार को धर्मांतरण को लेकर खूब हंगामा हुआ। आक्रोशित लोगों ने दूरदराज से आए लोगों की जमकर पिटाई की। कई लोगों को मुर्गा भी बना दिया। एक कार का शीशा भी तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल ने सभी का बयान दर्ज कर घर भेजा। जिला अस्पताल की कर्मचारी विक्टर दास ने दहिलामऊ में अपना आवास बना रखा है। उनके मकान में हर गुरुवार व रविवार को प्रभु यीशु की प्रार्थना होती है। जिसमें मानधाता, अंतू, आसपुर देवसरा व रानीगंज के लोग शामिल होते हैं।
गुरुवार को करीब पचास 50 से अधिक लोग विक्टर दास के उनके आवास में आयोजित उपवास व प्रार्थना कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। विक्टर दास से पूछताछ करने लगे। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने एक कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद लोगों को बाहर निकाला और पिटाई करने के बाद सभी पुरुषों को मुर्गा बना दिया। सूचना पर शहर कोतवाल हरिपाल सिंह यादव पहुंचे और मामला शांत कराया। सभी लोगों का बयान दर्ज किया। कोतवाल ने बताया कि किसी ने कोई शिकायत नहीं की। धर्मांतरण की बात गलत है। वे लोग केवल प्रार्थना में शामिल होने आए थे। यदि कोई तहरीर देता है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।