कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बावली के समीप डीजे बंधी मैजिक पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शनिवार रात हुआ।
रायबरेली जिले के गुरुबक्शगंज अतौरा से रामभुवन सिंह के बेटे की बारात शनिवार को अंतू इलाके के गड़वारा बाजार निवासी जयराम सिंह के यहां आई थी। बारातियों ने गुरुबक्शगंज बाजार से ही शादी में बजाने के लिए डीजे बुक किया था। गड़वारा बाजार में द्वारचार के बाद डीजे बंधी मैजिक लोडर लेकर अतौरा निवासी महेंद्र कुमार (21) सुनील (25) व नकुल (22) वापस जा रहे थे। ये लोग लालगंज कस्बे में रायबरेली की ओर जाने वाला रास्ता भूल गए और भटककर रामपुर बावली आ गए। आधी रात को रामपुर में लोगों ने डीजे ले जा रहे युवकों को रायबरेली जाने का रास्ता बताया।
लालगंज कोतवाली के रामपुर बावली से रानीगंज कैथौला की ओर महज एक किलोमीटर ही पहुंचे थे कि डीजे बंधी मैजिक लोडर अचानक पलटकर खड्ड में चली गई। दुर्घटना में महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील व नकुल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर बाराती मौके पर पहुंचे और मृतक महेंद्र के साथ दोनों घायलों को लेकर जीप से रायबरेली रवाना हो गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची, मगर तब तक सब लोग जा चुके थे। पुलिस ने डीजे बंधी मैजिक लोडर को अपने कब्जे में ले लिया है।