अंतू थाना क्षेत्र के उसरी में महुआ बीनने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इससे दोनों पक्षों से दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से दो लोगों को हिरासत में लिया है।
उसरी निवासी माताफेर वर्मा (50) और पड़ोसी रामबरन (49) से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। गुरुवार को महुआ बिनने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। इस बीच मिर्च का पाउडर भी लोगों ने फेंक दिया। इससे कई लोगों की आंख में मिर्च पड़ गई और वे चीखते चिल्लाते भागने लगे। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग पहुंचे और बीच-बचाव कर मारपीट कर रहे लोगों को अलग किया।
मारपीट में माताफेर, कमला देवी (48) पत्नी माताफेर, बेटी कंचन वर्मा (18), बेटा हरिकेश (13), निर्मला (40) पत्नी रामदीन, अर्चना (16) व भतीजी आरती (17) व दूसरे पक्ष से रामबरन समेत तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे। वहां से सभी को मेडिकल के लिए भेजा गया। पुलिस ने रामबरन और प्रमोद को हिरासत में ले रखा है। देर शाम तक दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर सकी थी।