बैक ऑफ बड़ौदा की पट्टी शाखा पर एटीएम से पैसा निकालने आए युवक की मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल लिया गया। बाद में इस एटीएम कार्ड के जरिए उसके खाते से बीस हजार से अधिक की रकम उड़ा दी गई। मोबाइल पर मैसेज मिलते ही परेशान युवक कोतवाली आया और घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी दलित युवक रमेश बीते सोमवार की शाम चार बजे बाब की पट्टी शाखा के एटीएम से पैसे निकालने आया था। उसने एटीएम के जरिए रकम निकालनी चाही इस बीच पीछे खड़ा युवक ने उसे मदद करनी शुरू कर दी। उसने एक हजार की रकम उसे निकाल कर दे तो दी लेकिन इस दौरान कार्ड बदल लिया। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर बीस हजार दो सौ रुपये एटीएम से निकलने का संदेश मिला तो वह परेशान हो उठा। शाखा प्रबंधक से बात करने पर उन्होंने कार्ड ब्लाक कराने तथा पुलिस को सूचना देने की बात कही। इस पर रमेश कोतवाली आया और घटना की सूचना पुलिस को दी है।
जो एटीएम कार्ड उसे मिला है वह भी पट्टी इलाके का ही है लेकिन कार्ड धारक ने उसे किसी और व्यक्ति को दिए जाने की बात बताई। फिलहाल सीसी टीवी फुटेज के जरिए मामले के खुलासे का प्रयास पुलिस कर रही है। जानकारी के अभाव में एटीएम कार्ड से पैसे उड़ाने की घटनाएं दिनोंदिन बढ़ती जा रही हैं लेकिन न तो बैंक प्रबंधन न ही पुलिस प्रशासन इस मामले में दिलचस्पी दिखा रहा है जिससे आए दिन यह समस्या बढ़ती ही जा रही है। इससे लोग अपनी रकम गंवा कर पुलिस और बैंक के चक्कर काटते नजर आते हैं। इसी तरह देर शाम कुछ और लोग पट्टी कोतवाली पहुंचे और बताया कि उनका एटीएम पिन कोड फोन के जरिए पूछ कर पैसा निकाल लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।