पल्टन बाजार के पास शुक्रवार को भीड़भाड़ के दौरान वाहन हटाने को लेकर दो वर्गों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ हो गई। एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट करने के साथ कार और गृहस्थी के सामान तोड़ डाले। मारपीट के दौरान तीन लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला संभाला। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर कोतवाली के पल्टन बाजार निवासी सतीश पांडेय (35) अपने बेटे रिषभ (15) के साथ कार से कहीं गए थे। शुक्रवार दोपहर दो बजे के करीब वह घर लौट रहे थे। पल्टन बाजार में एक धार्मिक स्थल के पास भीड़ जुटी थी। कई वाहन भी खड़े थे। इससे कार जाने के लिए रास्ता नहीं था। इस बीच रिषभ कार से उतरकर सड़क पर खड़ी एक बाइक को किनारे हटाने लगा। तभी बाइक गिर गई। उसके धक्के से वहां खड़ीं कई और बाइक पलट गईं। इसे लेकर वहां मौजूद लोगों की सतीश से कहासुनी होने लगी। बात बढ़ी तो मारपीट हो गई। किसी तरह जान बचाकर सतीश वहां से अपने घर चला गया।
बताते हैं कि कुछ देर बाद विवाद करने वाले लोग उसके दरवाजे पर पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट करने लगे। इससे सतीश, उसका बेटा रिषभ और नौकर दीपक जायसवाल के अलावा पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की। कार क्षतिग्रस्त कर दी। दो वर्गों के बीच मारपीट की खबर मिलने पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आननफानन में नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामले को संभाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सतीश ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।