रिश्तेदारी जा रहे दंपति को बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार देर रात शहर स्थित कंपनी बाग के पास लूट लिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस हवा में तीर चलाती रही और वारदात अंजाम देकर बदमाश आराम से फरार हो गए। फतेहपुर निवासी जितेन्द्र श्रीवास्तव की जिले में तैनात एक न्यायालयकर्मी के घर रिश्तेदारी है। शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे वह पत्नी के साथ बस से अंबेडकर चौराहे पर उतरा। वहां एक दुकान से मिठाई खरीदने के बाद पैदल ही जजेज कॉलोनी की ओर जाने लगा।
वह जैसे ही कंपनीबाग के पास पहुंचा कि एक बाइक पर सवार तीन युवक उसकी पत्नी का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब चार तोला सोने के जेवरात व बीस हजार रुपये नकद थे। घटना की जानकारी पीड़ित ने पुलिस को दी। चंद कदम दूर स्थित सिविललाइन चौकी पुलिस को पहुंचने में 15 मिनट का समय लग गया। बदमाशों की तलाश में पुलिस शहर के गलियों की खाक छानती रही पर उसके हाथ उनकी परछाईं तक नहीं लगी। मामले में प्रभारी कोतवाल बलिराम मिश्र ने कहा कि घटना की जानकारी है। वह बदमाशों की पकड़ने के लिए सिपाहियों से शहर में कांबिंग करा रहे हैं।