परियावां। नवाबगंज इलाके में चेकिंग के दौरान प्रभारी एसओ से मारपीट के मामले में सात नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर के पास स्थित गंगापुल पर पुलिस ने गुरुवार की देर शाम चेकिंग लगाई थी। इस दौरान एक बाइक से तीन लोग मुंह बांधकर निकले। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह भाग निकले। इस पर पुलिस ने उनका पीछा कर लिया। पुल पार करके कौशाम्बी जनपद के सैनी थाना क्षेत्र के लेहदरी गांव के पास चायपान की दुकान पर बाइक सवार दिखे तो पुलिस ने उन्हें फिर से रोका।
इस दौरान वहां काफी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और पुलिस से हाथापाई और मारपीट भी की। नवाबगंज के प्रभारी एसओ को धक्का दे दिया। सूचना पर सैनी पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि इस दौरान हमलावर लोग भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं मिला। शुक्रवार को नवाबगंज थाने में एसओ इंद्रेश कुमार ने लेहदरी निवासी राशिद, संजीव, आजम, मनसिज शहजाद, अमन व सलामन सहित 25 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।