भट्टे पर ईंट लादने जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरशराबे पर जुटे लोगों ने चारों को किसी तरह से बाहर निकालकर कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां एक किशोर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इससे उसके परिजनों में चीखपुकार मच गई।
महेशगंज थाना क्षेत्र के मसवन मियां का पुरवा गांव निवासी रविंद्रनाथ मिश्रा का ट्रैक्टर गांव का ही किंचू (22) पुत्र छेदीलाल यादव चलाता है। ट्रैक्टर गांव के ही सियारिया में स्थित भट्ठे पर ईंट ढुलाई में लगाया गया है। मंगलवार की शाम किंचू गांव के ही तीन किशोरों को ट्रैक्टर पर बैठाकर भट्ठे पर जा रहा था। मोहम्मदपुर सोहाग मसवन मार्ग पर अहिरान का पुरवा गांव के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया।
इससे ट्रैक्टर पर बैठे सर्वेश मिश्रा (16) पुत्र स्व. भंडारी निवासी मियां का पुरवा, मोनू (15) पुत्र नूरहसन निवासी मियां का पुरवा मसवन और तकदीर अहमद (17 ) व किंचू गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी को बाहर निकाल कर निजी साधन से कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया। इलाज के दौरान सर्वेश (16 ) पुत्र स्वर्गीय भंडारी की मौत हो गई। इससे उसके परिजनों में चीखपुकार मच गई।