खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पर हमले के विरोध में दूसरे दिन ब्लॉक में तालाबंदी कर कर्मचारी हड़ताल पर रहे। दूसरी ओर प्रधानपति के समर्थन में प्रधान संघ भी उतर आया है। प्रकरण को लेकर कर्मचारी और प्रधान आमने-सामने आ गए हैं। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए संघर्ष की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।
संडवाचंद्रिका बीडीओ अशोक कुमार दुबे बुधवार को दांदूपुर दौलत में तालाब की जांच करने गए थे। आरोप है कि प्रधानपति रामप्यारे वर्मा समेत उनके समर्थकों ने बीडीओ पर हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक में तालाबंदी कर कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों की मांग है कि हमले के मुख्य आरोपी प्रधानपति व उसके बेटों को तत्काल गिरफ्तार करते हुए उनके ऊपर रासुका लगाई जाए।
कार्यालय में तालाबंदी के चलते फरियाद लेकर आए लोगों को निराश लौटना पड़ा।
दूसरी ओर प्रधानपति के समर्थन में प्रधान संघ उतर आया है। शुक्रवार को ब्लॉक परिसर के सभागार में ब्लाक प्रधान संघ की अध्यक्ष सुमन सिंह की अगुवाई में प्रधानों की बैठक हुई। इसमें प्रधानपति रामप्यारे के ऊपर दर्ज मुकदमे की निंदा की गई। कहा गया कि पहले बीडीओ और प्रधान संघ के बीच बातचीत होगी। प्रकरण को समझने के बाद फैसला लिया जाएगा। यदि इसके बाद भी बात नहीं बनी तो प्रधान भी प्रदर्शन करेंगे। जरूरत पड़ी तो लोग सीएम से मिलकर प्रधानों के उत्पीड़न से अवगत कराएंगे। इस मौके पर संजय सिंह, राम बहादुर पाल, सुभाष पांडेय, राणा सिंह, धीरेंद्र सिंह, जेठलाल, अभय सिंह, रामशिरोमणि, संगीता, शिवनाथ वर्मा, लल्लन वर्मा समेत अन्य प्रधान मौजूद रहे।
संडवा चंद्रिका के बीडीओ के साथ हुई घटना के विरोध में ब्लॉक में रही तालाबंदी
संडवाचंद्रिका ब्लॉक में बीडीओ की पिटाई के विरोध में ब्लॉक कर्मियों ने तालाबंदी कर घटना का विरोध किया एवं आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। संडवाचंद्रिका ब्लॉक के बीडीओ अशोक कुमार दूबे व ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पवन कुमार सरोज को गत दिनों दांदूपुर दौलत में मनरेगा के तहत खोदे गए तालाब की जांच के दौरान अराजकतत्वों ने हमला बोल कर पिटाई करने के साथ ही जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया व सरकारी कार्य में बाधा डाली थी।
इससे आक्रोशित ब्लॅाक कर्मियों ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी कर घटना के प्रति विरोध दर्ज कराया। ब्लॉक कर्मियों का कहना था कि जब तक आरोपी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती तब तक तालाबंदी की जाएगी। इस मौके पर हरीश पंाडेय, विकास कुमार उमरवैश्य, चंद्र मणि पांडेय, अरविंद कुमार, महेश कुमार सरोज, उमेश चंद्र पासवान, समेत कई लोग मौजूद रहे।