जेल के भीतर खींची तस्वीर शातिर बंदी ने फेसबुक पर अपलोड कर दी। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने पर जेल प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। जेल में टूजी का जैमर लगा है। जबकि बंदी 4जी का मोबाइल प्रयोग कर रहे हैं। पुलिस ने शातिर को ट्रक लूट के आरोप में जेल भेजा है। जेल अधीक्षक मामले की छानबीन कर रहे हैं।
मानधाता व स्वाट टीम ने 31 अक्टूबर को राहुल तिवारी निवासी मानधाता को ट्रक लूट के मामले में जेल भेजा था। उसके साथ दूसरे बदमाश भी जेल भेजे गए थे। जेल में निरुद्ध बंदी रोहित तिवारी ने बुधवार की देर रात अपने फेसबुक पेज पर जेल में खींची गई कई तस्वीरें अपलोड कर दी। गुरुवार को सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर जेल प्रशासन को जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। जेल में निरीक्षण के दौरान लगातार बंदियों के पास से मोबाइल और सिम बरामद हो रहे हैं। इस बाबत जेल अधीक्षक आरके त्रिपाठी ने बताया कि जेल में निरुद्ध बंदी रोहित तिवारी की बैरक में तलाशी ली गई। उसके पास से कोई मोबाइल नहीं मिला। फोटो के बारे में पूछने पर उसने बताया कि उसकी पत्नी ने इसे अपलोड किया है। इस बात की छानबीन की जा रही है कि जेल के भीतर फोटो कब और कैसे खींची गई और वह बाहर कैसे पहुंची। जेल में लगे जैमर चल रहे हैं। लगातार बैरकों का निरीक्षण किया जा रहा है।