प्रतापगढ़। नगर कोतवाली से महज दो सौ मीटर की दूरी पर नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने पंजाबी मार्केट में तांडव मचाया। तीन दुकानदारों को पीटने के बाद तोड़फोड़ की। आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। घायलों को लेकर लोग जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पुलिस से तकरार होने के साथ ही लोग हंगामा करते रहे।
शहर के पंजाबी मार्केट में शेखजी मसिजद से लगाकर रोशन अली (26) पुत्र मोहम्मद शफीक और मोहम्मद आरिफ (29) पुत्र कासिम निवासी बेगमवार्ड और महताब (21) पुत्र आबाद अली ने कपड़े व जूते चप्पल की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार दोपहर को देवकली के कुछ लोग सामान खरीदने आए थे। दुकान के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर दुकानदारों से उनका विवाद हो गया था। इस दौरान दुकानदारों ने युवकों को पीट दिया था। इसी का बदला लेने के लिए आठ- दस की संख्या में नकाबपोश बाइक सवार हमलावर देर शाम पंजाबी मार्केट पहुंचे।
हमलावरों ने उक्त तीनों को हाकी डंडे व राड से पीटना शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावरों ने असलहा निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हमलावर फायरिंग करते हुए असलहा लहराते हुए भाग निकले। मारपीट में घायल तीनों दुकानदारों को लेकर लोग जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंची पुलिस से तकरार होने लगी। घायलों को कोतवाली ले जाने की बात पर लोग भड़क गए और मजरूबी चिट्ठी जिला अस्पताल मंगाने की जिद करने लगे। नगर कोतवाल ने बताया कि केवल मारपीट हुई है। फायरिंग की बात गलत है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पंजाबी मार्केट में मारपीट कर भागने वाले हमलावर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। चेहरा छिपाने के चलते भले ही उनकी पहचान करने में पुलिस को थोड़ी मशक्कत होगी लेकिन हमलावर को चिन्हित करने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है।