बैंक में बदमाशों ने सेंध लगाई लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। उजाला होने के कारण बदमाश भाग निकले। सुबह बैंक खुलने पर चोरी के प्रयास की जानकारी हो सकी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद सीसीटीवी फुटेज देखे।
नगर कोतवाली के मोहनगंज बाजार में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा स्थित है। बृहस्पतिवार की रात बदमाश बैंक के पीछे रोशनदान का ग्रिल काटकर भीतर घुस गए। इसके लिए बदमाशों ने सीढ़ी का प्रयोग किया था। भीतर घुसने के बाद चोर कैश रूम तक पहुंच गए। ताला तोड़कर कमरे में घुसे लेकिन तिजोरी का लॉक तोड़ने में चोर नाकाम रहे। काफी प्रयास के बाद भी चोरी करने में नाकाम बदमाश उजाला होता देख वहां से भाग निकले। शुक्रवार की सुबह कर्मचारी बैंक पहुंचे। भीतर का नजारा देख सन्न रह गए। मामले की जानकारी मिलने पर प्रबंधक दुर्गेश कुमार पहुंच गए।
छानबीन के बाद तिजोरी सुरक्षित मिलने पर लोगोें ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलते ही मोहनगंज चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण के बाद वापस लौट गए। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज की छानबीन चलती रही। सूत्रों की मानें तो बैंक में घुसे बदमाश फुटेज में दिखे जरूर हैं लेकिन चेहरा स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। चौकी प्रभारी मोहनगंज ने बताया कि चोरी करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है। कुछ लोगों को संदेह के चलते पूछताछ के लिए लाया गया है। इस बाबत प्रबंधक दुर्गेश ने पुलिस को तहरीर दी है।