लालगंज। नगर स्थित एसबीआई के सामने इंडिया नंबर वन का एटीएम काटकर बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। हालांकि वह कैश ले जाने में सफल नहीं हो सके। हाइवे पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पुलिस पिकेट व डायल हंड्रेड की ड्यूटी की भी कलई खुल गई है। सीसीटीवी कैमरा तोड़ डालने से बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है।
लालगंज नगर के बीचोंबीच से होकर निकलने वाले लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित एसबीआई के सामने इंडिया नंबर वन का एटीएम बूथ है। शुक्रवार की आधी रात के करीब अज्ञात चोर शटर का ताला तोडक़र बूथ में दाखिल हो गए। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा तोडने के बाद शटर अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद गैस कटर से एटीएम को काटना शुरू कर दिया।हालांकि वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। आधी मशीन काटने के बाद चोरी में असफल बदमाश भाग निकले। लोगों का मानना है कि गैस कटर खराब होने से चोरों को सफलता नहीं मिल सकी। सुबह घटना की जानकारी होने बड़ी संख्या में लोग जुट गए। इस घटना ने पुलिस पिकेट व डायल 100 की ड्यूटी की कलई खोल दी।
कोतवाली से महज दो सौ मीटर दूर एटीएम गैस कटर से काटने का प्रयास हुआ और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। चोरों ने एटीएम मशीन काटकर इसके ठीक सामने स्थित बैंक आफ इंडिया व स्टेट बैंक आफ इंडिया की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। एटीएम में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिए जाने से चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। इंडिया नंबर वन एटीएम के जोनल मैनेजर प्रयागराज के बाई का बाग निवासी पीयूष कुमार पांडेय ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।