राज्य कर्मचारी महासंघ उपाध्यक्ष और मिनिस्ट्रीयल ऑॅफ फेडरेशन के जिलाध्यक्ष रामप्रकाश दूबे पर मंगलवार की सुबह उस समय नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया, जब वह घर से कार्यालय पहुंचने ही वाले थे। विभागीय कर्मचारियों के दौड़ाने पर बदमाश भाग निकले। कर्मचारी नेता ने नगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। सिंचाई विभाग के शारदा सहायक खंड 51 में वरिष्ठ सहायक पद पर तैनात रामप्रकाश दूबे सुबह साढे़ नौ बजे बाइक से कार्यालय जा रहे थे।
सिंचाई विभाग के डाकबंगले के सामने और कार्यालय से महज सौ मीटर की दूरी पर पहुंचे ही थे कि पहले से ही घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते कि इससे पहले ही उनकी पिटाई शुरू कर दी। कर्मचारी नेता ने उठने का प्रयास किया तो उन पर पिस्टल तान दी। सिंचाई डाक बंगले के बाहर दुकान पर खडे़ लोग यह घटनाक्रम देखकर दौड़ पड़े। विभागीय कर्मचारियों और राहगीरों के दौड़ते ही बदमाश भाग निकले। घटना की जानकारी होने पर कर्मचारियों का हुजूम एकत्रित हो गया। नगर कोतवाली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी। नगर कोतवाली पुलिस ने अपनी मौजूदगी में कर्मचारी नेता का मेडिकल कराया।
सीसीटीवी कैमरे से खुलेगा राज
कर्मचारी नेता पर जानलेवा हमले करने वाले नकाबपोश बदमाशों को जब राहगीरों ने दौड़ाया तो वे डीएम आवास के निकट रोड से फरार हो गए। डीएम कार्यालय के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी कैमरे में बदमाश और उनकी बाइक का नंबर अवश्य कैद होगा।