पतंग तोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच पथराव हो गया और दोनाें पक्ष से चार लोग घायल हो गए। पथराव के दौरान क्षेत्र में अफरातरफी मची रही। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर लोग शांत हुए।
शहर कोतवाली के मोहल्ला गढ़ी कोहना निवासी निजामुद्दीन का बेटा अरमान मंगलवार की दोपहर पतंग उड़ा रहा था। इसी बीच मोहल्ले के फरहान ने उसकी पतंग तोड़ ली। अरमान इसकी शिकायत करने के लिए फरहान के घर पर पहुंचा तो वहां पर दोनों के बीच विवाद होने लगा।
देखते ही देखते बच्चों का विवाद बड़ो के बीच पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ पथराव होने लगा। इससे घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। इस घटना में निजामुद्दीन, उनका बेटा अरमान, पत्नी निशाबानो और दूसरे पक्ष से परवीन पत्नी तौफीक घायल हो गए। घटना की सूचना दोनों पक्षों ने चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है।