फर्जी मेडिकल बनाने से इनकार करने पर बुधवार शाम दबंगों ने संडवा चंद्रिका सीएचसी में डॉक्टर पर हमला कर दिया। घटना से नाराज सीएचसी और पीएचसीकर्मी गुरुवार को काम ठप कर हड़ताल पर चले गए। आक्रोशित डॉक्टरों ने भी विरोध स्वरूप काम नहीं किया। ऐसे में सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं। मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। उधर मामले में छह लोगों को नामजद करते हुए आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया है। इधर, घटना से नाराज स्वास्थ्य कर्मियों ने गुरुवार को सीएचसी और पीएचसी में तालाबंदी कर कार्य बहिष्कार किया।
सीएचसी संडवा चंद्रिका में तैनात डॉ. सुधाकर का आरोप है कि बुधवार शाम सीएचसी में कुछ लोग मेडिकल कराने आए थे। विवेक सिंह को लगी चोट को गोली का निशान बताकर वे मेडिकल रिपोर्ट में इसे गनशॉट लिखाने का दबाव बनाने लगे। इससे इनकार करने पर आरोपियों ने अस्पताल में हंगामा करने लगे। साथ ही डॉक्टर से मारपीट की। इसके बाद पीड़ित डॉक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस से की। गुरुवार को पीड़ित डॉक्टर की तहरीर पर अंतू पुलिस ने संजय सिंह, बबलू सिंह, रंजन पांडेय, दीपक, गुड्डू व इंद्रकुमार के साथ ही आठ अज्ञात के खिलाफ अस्पताल में तोड़फोड़ करने, सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया है। उधर चिकित्सकों ने सीएमओ से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि है अस्पताल में डॉक्टरों-कर्मियों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए।