गौरा/रानीगंज/बीरापुर। भारत फाइनेंस के कर्मचारी को गोली मारकर बदमाश 10 हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग निकले। ग्रामीणों के दौड़ने पर बदमाश कार छोड़कर पैदल ही गांव की ओर भागे। जिनकी तलाश में रानीगंज व फतनपुर की पुलिस जुटी है। घायल फाइनेंसकर्मी को अस्पताल पहुंचाया गया।
रानीगंज में भारत फाइनेंस का कार्यालय है। यहां मंजीत कुमार (21) पुत्र धर्मराज निवासी संवरा थाना औराई जनपद संतकबीरनगर कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्य करता है। सोमवार की शाम वह कैलीडीह गांव में रुपये लेने गया था। करीब 90 हजार रुपये वह बैग में लेकर रानीगंज लौट रहा था। फतनपुर-बीरापुर मार्ग पर बादल का पुरवा के पास कार सवार चार बदमाशों ने मंजीत को रोक लिया। पहले उसे मारपीट कर मोबाइल व जेब से 10 हजार रुपये छीन लिए। बाद में उसकी बाइक की डिग्गी से रुपयों से भरा बैग निकालने लगे। जिसका मंजीत ने विरोध किया। वह बैग पकड़कर लटक गया।
तभी किसी की बाइक आती दिखी। जिसे देख मंजीत शोर मचाने लगा। बाइक सवार मामला गड़बड़ समझने के बाद शोर मचाते हुए पुलिस को खबर देने लगे। गांव के लोग भी दौड़ पड़े। यह देख बदमाशोें ने मंजीत को गोली मार दी। फिर भी मंजीत से बैग नहीं ले जा सके। लोगों से खुद को घिरा देख बदमाश कार छोड़कर पैदल ही गांव की ओर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल फाइनेंसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। बदमाशों की घेराबंदी में सीओ रानीगंज, रानीगंज व फतनपुर पुलिस लगी हुई है। सीओ रानीगंज रमेशचंद्र ने बताया कि बदमाश लूट करने में असफल रहे। उनकी तलाश की जा रही है।