डेरवा/जेठवारा। चौकी इंचार्ज व सिपाही के साथ मारपीट करने वाले युवकों को बुधवार को पुलिस ने केस दर्ज कर जेल भेज दिया। उनकी पैरवी करने आए दो अन्य लोगों को भी हिरासत में ले लिया गया। लालगंज थाना क्षेत्र के पुरवारा निवासी मुकेश मिश्र पुत्र चंद्रशेखर और विनय शुक्ल उर्फ मिंटू पुत्र अनंत प्रसाद निवासी कसहर थाना बाघराय अपने दो अन्य साथियों के साथ डेरवा गया था। वहां पर मो. सईद से उनकी तकरार होने लगी। इसकी सूचना चौकी इंचार्ज डेरवा रामअधार यादव को दी गई तो वह सिपाही इंद्रदेव को लेकर मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज के अनुसार जब उन्होंने युवकों को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
सूचना पर थाने की फोर्स पहुंची तो दोनों को काबू में करके थाने ले जाया गया। बुधवार की सुबह दोनों का मेडिकल कराने के लिए ले जाया गया तो बाघराय में भारी संख्या में लोग पहुंच गए। आरोप है कि लोग सिपाहियों से अभद्रता कर रहे थे। सूचना पर थाना इंचार्ज मौके पर पहुंचे और दो युवकों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद जब सभी को लेकर पुलिस जेठवारा थाने पहुंची तो भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। लोग पकड़े गए युवकों को निर्दोष बताते हुए उन्हें छोडने की मांग कर रहे थे।
भारी भीड़ देख पुलिस के भी होश उड़ गए। हालांकि बाद में पुलिस लोगों की वीडियोग्राफी कराने लगी तो संख्या कम हुई। इस दौरान तीन चार पहिया वाहनों की चाभी पुलिस ने ले ली। दोनों युवकों को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस उनके पास से एक तमंचा मिलने की बात कह रही है। उधर, डेरवा के मो.सईद की तहरीर पर भी रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज हुआ है।