स्मैक पीने के लिए बाइक चुराने वाले अंतर्जनपदीय चोर पुलिस के हत्थे चढ़े
तीन बाइक, दो बाइकों के कलपुर्जे व तमंचा बरामद, नर्सिंगहोम के सामने चोरद्ध करते कैद हुआ था एक चोर
जौनपुर के रहने वाले हैं पकड़े गए बाइक चोर, नशे की पूत के लिए बाइक चुराकर कम दामों में दुकानदारों को बेचते थे
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। स्मैक पीने के लिए दूसरों की बाइक चुराकर औने पौने दामों में बेचने वाला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तीन शातिर चोरों के पास से पुलिस ने तीन बाइक व दो बाइकों के कलपुर्जे बरामद किए हैं। पकड़े गए तीनों चोर जौनपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया।
शहर में लगातार बाइक चोरी की घटनाओं ने पुलिस को परेशान कर रखा है। पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि बाइक चोरों की तलाश में निकले शहर कोतवाल व भंगवाचुंगी चौकी प्रभारी ने मुखबिर की सूचना पर पहलवान बीर बाबा नाले से कुछ दूर पहले घेराबंदी कर तीन बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए ब्र्रह्मा ऊमरवैश्य के पास से तमंचा बरामद हुआ। मौके से मिली बाइक चोरी की निकली। पुलिस ने तीनों को कर्रा किया। जिसके बाद तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह बाइक चुराकर बेचने के बाद स्मैक पीते हैं। नशे की पूर्ति के लिए वह प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी से भी बाइकों की चोरी करते हैं। उसे मिस्त्री या कबाड़ी के पास कम दामों में बेच दिया करते थे। जिससे उनकी जीविका चलती थी। पकड़े गए ब्रह्मा उमरवैश्य पुत्र ललई अपने साथी कमलेश कुमार पुत्र जय कुमार गौड़ और जगदीश पुत्र जमुना प्रसाद हरिजन निवासी सहरमा थाना बरसठी जनपद जौनपुर के साथ मिलकर बाइक चोरी की घटना को अंजाम देता था। रेलवे स्टेशन से 1 नवंबर को बाइक चुराई थी। दूसरी बाइक पुराना माल गोदाम रोड से 16 दिसंबर को चुराई थी। इसके अलावा बिना नंबर की बाइक भी भंगवाचुंगी क्षेत्र से चुराई थी।
इनसेट-------
कोतवाली में चोरों ने लगाए स्मैक के कश
बाइक चोरी करने वाले नशेड़ी चोरों को पकडने वाली पुलिस के हाथ पैर मंगलवार को फूलने लगे। पुलिस के हत्थे चढ़े ब्रह्मा व कमलेश दोनों स्मैक पीने के आदी हैं। मंगलवार की सुबह स्मैक न मिलने के कारण दोनों की तबियत बिगडने लगी। यह देख पुलिस परेशान हो उठी। स्मैक का नशा करने वालों के पास पहुंचकर उनसे पुलिसकर्मी मिन्नत करने लगे। हर कोई पुलिस से भागता रहा। पुलिस की मिन्नत का भी कोई फायदा नहीं दिखा। इस बीच कुछ लोगों की मदद से पुलिस को स्मैक की पुडिय़ा मिल सकी। जिसके बाद पकड़े गए ब्रह्मा व कमलेश ने कोतवाली में स्मैक का कश खींचा। जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।
इनसेट-----
रानीगंज पुलिस के हत्थे चढ़े दो बाइक चोर
रानीगंज पुलिस ने तीन चोरी की बाइकों के साथ दो चोरों को दबोच लिया। एक भागने में कामयाब रहा। सभी प्रयागराज के रहने वाले हैं। रानीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गाजीबाग तिराहे पर सोमवार को घेराबंदी कर दो बदमाशों को दबोच लिया। जबकि एक भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी की तीन बाइकों के साथ ही तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने पकड़े गए शनि कुमार पुत्र शिवसागर निवासी सारीपुर थाना फूलपुर, धीरज बिन्द उर्फ नंचू पुत्र फूलचन्द्र बिन्द निवासी करूवाडीह थाना फूलपुर जनपद प्रयागराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। भागने वाले अंशू उर्फ गुड्डू भारती पुत्र रामधन निवासी सारीपुर थाना फूलपुर की तलाश की जा रही है।
फोटो-
पुलिस चौकी का एसपी ने किया लोकार्पण
जर्जर पुलिस चौकी का कराया गया था जन सहयोग से जीर्णोद्धार
अमर उजाला ब्यूरो
देल्हूपुर । ढ़ाई दशक पूर्व स्थापित देल्हूपुर पुलिस चौकी जर्जर हो चुकी थी। जिसका जीर्णोद्धार मौजूदा चौकी प्रभारी ने जन सहयोग से किया। पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया।
मानधाता थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढ़ाई दशक पूर्व स्थापित पुलिस चौकी देल्हूपुर का वर्तमान चौकी प्रभारी रमेश कुमार राय द्वारा पुलिसकर्मियों एवं जन सहयोग के माध्यम से किए गए जीर्णोद्धार के उपरांत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पुलिस अधीक्षक से विगत डेढ़ माह पूर्व चौकी प्रभारी बनकर आए उपनिरीक्षक रमेश कुमार राय के स्थानांतरण को निरस्त करने की मांग की जिस पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उनका स्थानांतरण किया गया है लोगों ने पुलिस चौकी देल्हूपुर के भवन निर्माण एवं थाना देल्हूपुर की स्थापना की दिशा में आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही किए जाने कि अनुरोध किया। जिस पर पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने लोगों को आश्वस्त किया कि इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक एस आनंद का चौकी प्रभारी देल्हूपुर, थाना अध्यक्ष मानधाता एवं सीओ रानीगंज रमेश चंद्र द्वारा पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इस मौके मोहम्मद अहमद, वदूद अहमद, अंशुमान सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।