संदिग्ध हालत में अधेड़ की मौत
रात में घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहा था
सुबह मृत मिला, हत्या की सूचना पर हलाकान हुई पुलिस
परिजन बता रहे गिरने से लगी चोट के कारण हुई मौत
अमर उजाला ब्यूरो
शिवगढ़/उड़ैयाडीह। घर के बाहर बरामदे में सो रहे अधेड़ की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पहले उसकी हत्या की खबर पुलिस को मिली। जिसके बाद कंधई पुलिस के हाथ पैर फूल गए। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि रात में गिरने के कारण लगी चोट के चलते उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंधई थाना क्षेत्र के चौपई निवासी नारेंद्र सिंह उर्फ पहलवान (55) बुधवार की रात अपने ओसारे में चारपाई पर सोया हुआ था। गुरुवार की सुबह परिवार के लोग सो कर उठे तो उसे मृत देखा। सिर के पास लगी चोट से खून बहा था। परिवार के लोग पहले उसकी हत्या करने का शोर मचाने लगे। अधेड़ के हत्या की खबर मिलते ही कंधई पुलिस के होश उड़ गए। आनन फानन में कंधई थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पूछताछ के दौरान परिवार के लोगों ने कहा कि रात में गिरने के कारण नारेंद्र सिंह उर्फ पहलवान को चोट लग गई। जिससे उनकी मौत हुई है। हत्या की बात निराधार है। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके तीन पुत्र है। मृतक की पत्नी प्रेमा देवी ने पुलिस को गिरने से आई चोट के कारण मृत्यु होने की तहरीर दी है।
इनसेट-
बेटी की शादी का सपना नहीं हुआ पूरा
कंधई थाना क्षेत्र के चौपई निवासी नारेंद्र सिंह के तीन बेटे व एक बेटी है। बड़े बेटे सूरज सिंह उर्फ वैरागी उससे छोटा नीरज व राहुल है। बेटी मोनिका का 14 मई को विवाह होना तय है। जिसकी तैयारी में परिवार के लोग ेअभी से जुटे थे। बेटी की शादी कर कन्यादान करने का सपना नारेंद्र सिंह का पूरा नहीं हो सका।
इनसेट-
रात में नारेंद्र के घर मचा था शोर
कंधई थाना क्षेत्र के चौपई निवासी नारेंद्र सिंह के घर पर रात में हो हल्ला मचा था। ग्रामीणों की माने तो बेटे और पिता के बीच कुछ कहासुनी हुई थी। जिसके बाद परिवार के लोगों ने दोनों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। गांव के लोग दूर से ही तमाशबीन बने रहे।
इनसेट-
सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत
कंधई थाना क्षेत्र के चौपई निवासी नारेंद्र सिंह उर्फ पहलवान की मौत पोस्टमार्टम के बाद सिर में आई गंभीर चोटों के कारण होने की बात सामने आई है। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। जिससे खून का थक्का दिमाग में जम गया था। दिमाग की नसें भी चोटों के कारण फट गई थी। जो उसकी मौत का कारण बनी। पत्नी प्रेमा देवी का कहना था कि नारेंद्र शराब का सेवन करता था। रात में वह दरवाजा खुलवाने के लिए परिवार के लोगों पर दबाव डाल रहा था। दरवाजा न खोलने पर वह अपने सिर दरवाजे पर पटक रहा था। जबकि गुरुवार की सुबह गांव में नारेंद्र की हत्या बेटे द्वारा करने की अफवाह फैल गई। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों का जमघट उसके घर लग गया। बाद में पुलिस पहुंचकर छानबीन करने लगी। फिलहाल नारेंद्र के सिर में दरवाजा पीटने से चोट आई थी या उसके सिर पर प्रहार किया गया था यह तो पुलिस की जांच का विषय है।
वर्जन---
पहले अधेड़ की हत्या करने की खबर मिली थी। परिवार के लोग गिरने के कारण लगी चोट से मौत होना बता रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
एस आनंद, पुलिस अधीक्षक।