प्रतापगढ़। बेखौफ बदमाशों ने बुधवार दोपहर एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। मानधाता इलाके में इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में बाइक से पहुंचे पांच बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में आठ लाख 8 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर बैंककर्मियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया और काउंटर पर रखे कैश को झोले में भरवाने के बाद फायरिंग करते हुए भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मानधाता थाना क्षेत्र के विश्वनाथगंज बाजार में इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर बैंक ऑफ बड़ौदा की सहेरूआ शाखा है। बुधवार को दोपहर करीब पौने तीन बजे बैंक के भीतर कर्मचारी काम निपटाने में जुटे थे। तभी दो बाइक से पांच बदमाश वहां पहुंचे। एक बाइक पर सवार दो बदमाश बाहर ही खड़े रहे। दूसरी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। बाइक से उतरते ही उन्होंने पिस्टल निकाल ली। एक बदमाश गेट पर खड़ा रहा, जबकि दो नकाबपोश धड़धड़ाते हुए बैंक के भीतर घुस गए। उन्होंने शाखा प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार और कैशियर अनुपम को पिस्टल सटा दी।
बदमाशों ने बैंककर्मियों के साथ ग्राहकों को भी धमकाया। कहा, चुपचाप खड़े रहो, वरना गोली मार देंगे। यह सुनकर लोग सहम गए। इस बीच एक बदमाश ने कैशियर अनुपम को एक झोला थमाया और काउंटर के पास रखे सारे रुपये उसमें भरवा लिए। पास में ही रुपये जमा करने के लिए बैठे ग्राहक बुधिराम सरोज निवासी पूरे घनश्याम मानधाता से भी 6400 रुपये छीन लिए। इसके बाद बदमाश बाहर निकलकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। खबर मिलते ही मानधाता पुलिस भागकर मौके पर पहुंची। थोड़ी देर बाद ही एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्रा भी फोर्स के साथ वहां पहुंच गए। शाम करीब साढ़े चार बजे एसपी एस आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बैंक ऑफ बड़ौदा की सहेरूआ शाखा में दिनदहाड़े डकैती की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों को पहचानने का प्रयास कर रही है। फुटेज में एक बदमाश शाखा प्रबंधक के पास पिस्टल लेकर खड़ा है, जबकि दूसरे ने काउंटर पर कैशियर पर असलहा तान रखा है। थोड़ी देर बाद वह कैशियर को झोला देकर रुपये भरने के लिए कहता है। रुपये मिलते ही दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकलते हैं।