बाइक सवार बदमाश पेट्रोलपंप से आठ हजार रुपये समेत सामान उठा ले गए। इस दौरान सेल्समैन से मारपीट और फायरिंग भी की गई। उनके जाने के बाद सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकेबंदी की, लेकिन लुटेरों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस सीसीटीवी के सहारे जांच करने में जुटी है। पंप संचालक ने थाने में तहरीर दी है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के खनवारी स्थित संध्या किसान सेवा केंद्र पर सोमवार की सुबह पांच बजे तीन बाइक से छह लोग पहुंचे। इसके बाद बाइक में पेट्रोल डलवाया। पैसे मांगने पर सेल्समैन विवेक तिवारी, बालमुकुंद प्रजापति व अजीत पाल की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान पंप पर हवाई फायरिंग भी की गई। इसके बाद केबिन में घुसकर टीवी, कंप्यूटर के साथ ही सेल्समैनों के पास मौजूद 8700 रुपये छीन लिए।
सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी की। इसके बाद मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इस दौरान एक भी बाइक सवार पुलिस के हाथ नहीं आया। पंप संचालक राजकुमार तिवारी ने थाने में लूट की तहरीर दी है। एसओ का कहना है कि तेल भराने को लेकर मारपीट हुई है। फायरिंग की बात गलत है।