कंधई इलाके में पुलिस से बेखौफ बदमाश सेवानिवृत्त दरोगा के घर डकैती डालकर 80 हजार नकद और 4 लाख के जेवर समेट ले गए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने परिवार की महिलाओं को बंधक बनाए रखा। भागने के दौरान सभी को एक कमरे में बंद कर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किय्र्रा।
कंधई थाना क्षेत्र के जफरापुर निवासी शंभूनाथ शुक्ला सेवानिवृत्त दरोगा हैं। रविवार को आधी रात को बदमाश छत के सहारे घर के भीतर घुस गए। कमरों का ताला तोड़कर लूटपाट करने लगे। तभी आहट पाकर शंभूनाथ के परिवार की महिलाएं जग गईं। जिसके बाद 5-6 की संख्या में लूटपाट की नियत से घुसे बदमाशों ने सभी को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। लूटपाट के बाद बदमाश सभी को एक कमरे के भीतर बंद करने के बाद बाहर से दरवाजा बंद कर भाग निकले। जिसकी जानकारी आसपास के लोगों को नहीं हो सकी। सोमवार को भोर में महिलाओं ने शोर मचाया। जिसके बाद आसपास के लोग घर के भीतर घुसे और दरवाजा खोलकर सभी को बाहर निकाला।
बदमाश कमरे का बॉक्स व आलमारी का ताला तोड़कर 3 मंगलसूत्र, 2 जोड़ी पायल, अंगूठी समेत सोने व चांदी के अन्य आभूषण और 80 हजार रुपये समेट ले गए थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस छानबीन करने लगी। घर से कुछ दूर खेत में टूटी हुई अटैची मिली। एसओ कंधई ने बताया कि चोरी का मुकदमा अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की संख्या को लेकर परिवार के लोग कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।
सीढ़ी लगाकर चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के गोंडे जगतगंज निवासी अजय कुमार मिश्रा पुत्र सत्यदेव के घर में रविवार की रात चोर सीढ़ी लगाकर घुस गए। चोर कमरे का ताला तोड़कर 3 लाख के जेवर और 10 हजार रुपये नकद ले उड़े। चोरों के भागने के दौरान आहट पाकर लोग जाग गए। लोगों के शोर-शराबे पर आसपास के लोग पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और छानबीन कर लौट गई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शाम को लूट, 6 घंटे बाद में डकैती
पुलिस से बेखौफ बदमाश लूट, छिनैती की घटनाओं को लगातार अंजाम दे रहे हैं। कंधई थाना क्षेत्र के जफरापुर मोड़ पर रविवार की शाम सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने सवारियों को लूटने के बाद टेंपो चालक को गोली मार दी थी। पुलिस बदमाशों की तलाश करने में पसीना बहा रही थी। घटनास्थल पर मंडराती रही। वहां से दो सौ मीटर दूर बदमाशों ने रिटायर्ड दरोगा के घर रात एक बजे डकैती डाल दी। 6 घंटे के भीतर बदमाश लूटपाट कर भाग निकले। पुलिस केवल लकीर पीटती रह गई।