कौशांबी में बैंक लुटेरों की तलाश
सीसीटीवी फुटेज में कैद बदमाश का मिल रहा हुलिया
पुलिस का दावा जल्द ही बदमाश होंगे गिरफ्त में
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। मानधाता के सहेरुआ स्थित बैंक आफ बड़ौदा से लाखों रुपये लूटने वाले बदमाशों की तलाश में जिले की पुलिस कौशांबी पहुंचकर खोजबीन कर रही है। बैंक के कैमरे में कैद एक बदमाश का हुलिया कौशांबी के एक बदमाश से मिलता जुलता है। फिलहाल पुलिस अधीक्षक का दावा है कि जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे।
सहेरुआ में बेखौफ बदमाशों ने 5 दिसंबर को फायरिंग कर आठ लाख रुपये लूट लिए थे। लुटेरों के पीछे पुलिस व एसटीएफ पड़ी हुई है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में कैद बदमाशों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने छानबीन का दायरा आगे बढ़ाया। घटना में शामिल एक बदमाश की कदकाठी व हुलिया कौशांबी के शातिर बदमाश से मेल खा रहा है। इसके लिए जिले की पुलिस ने कौशांबी में डेरा डाल दिया है।द्ध कुछ पकड़े गए संदिग्ध बदमाशों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि घटना में पड़ोसी जनपदों के बदमाश भी शामिल थे। पुलिस अधीक्षक एस आनंद का दावा है कि जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे। हर स्तर पर प्रयास चल रहा है। टीमें निरंतर काम कर रही हैं।
बसपा नेता की कार ने सब्जी दुकान को रौंदा
अजगरा। कटरामेदनीगंज से किसी कार्यक्रम में शामिल होकर सोमवार की रात लखनऊ की ओर जा रहे बसपा नेता की लग्जरी कार ने स्थानीय बाजार के रहने वाले सब्जी विक्रेता मकसूद की दुकान रौंद दी। हादसे में वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद बसपा नेता चले गए। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
पाइप कटने पर रसोइयां को पीटा
अजगरा। खेत की सिंचाई के लिए बिछाई गई पाइप कटने से नाराज युवक ने रसोइयां को पीट दिया। लालगंज कोतवाली के तेलियाही निवासी रुपेश पांडेय मंगलवार को खेत की सिंचाई के लिए पाइप बिछा रखा था। अचानक उसकी पाइप कट गई। जिससे पानी बहने लगा। यह देख उसने विद्यालय की रसोइयां श्यामा देवी (35) पत्नी शिव बहादुर को मारपीट कर घायल कर दिया। उसकी दशा गंभीर देख डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया।
राज्यपाल की सुरक्षा में पहुंची बाहर से फोर्स
प्रतापगढ़। शहर में दो राज्यपाल के आगमन को देखते हुए भारी भरकम फोर्स तैनात की गई है। ट्रस्ट का लोकार्पण करने आ रहे प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को एक एएसपी, तीन सीओ, 12 दरोगा व पुलिसकर्मी पहुंच गए हैं। जो आवागमन वाले रास्ते पर मुस्तैद होंगे। राज्यपाल की फ्लीट गुजरने के दौरान आवागमन बंद कर दिया जाएगा। सुरक्षा में लगाए गए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।