उदयपुर (ब्यूरो)। क्षेत्र के ननौती गांव में देशी शराब के ठेके की दुकान के समीप बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से तीस हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने एक आरोपी को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस की छानबीन में लूट की घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। उदयपुर थाना क्षेत्र के खानीपुर निवासी ओमप्रकाश सिंह जगदीशपुर में सीआईएसएफ में तैनात है। गुरुवार को उसका बेटा राजेंद्र सिंह गांव के ही साथी हिमांशु सिंह के साथ बाइक से पिता से मिलने गया। ओमप्रकाश से तीस हजार रुपये लेकर दोनों बाइक से रायबरेली होते हुए घर लौट रहे थे। शाम पंाच बजे के करीब दोनों बाइक से उदयपुर के ननौती गांव के देशी शराब की दुकान के समीप पहुंचे थे। तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हे रोक लिया। बदमाशों ने राजेंद्र के पास रहे तीस हजार रुपये लूट लिए।
पीड़ित का कहना है इस दौरान एक बदमाश का नकाब खुल गया, जिसे उसने पहचान लिया। घटना के बाद तीनाें बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। पीड़ित ने उदयपुर थाने पहुंचकर गांव के ही एक युवक को नामजद करते हुए तीन के खिलाफ लूट की तहरीर दी। घटना की जानकारी पर एसओ मौके पर जांच के लिए पहुंचे, लेकिन लूट की घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। एसओ ने बताया कि शिकायत पर वह जांच करने मौके पर गए थे। लूट की वारदात के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन सभी ने अनिभिज्ञता जाहिर की। घटना संदिग्ध लग रही है।