प्रतापगढ़। नगर कोतवाली इलाके में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास दो तमंचा व चोरी के दर्जन भर मोबाइल बरामद हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया।
कोतवाली पुलिस शुक्रवार शाम पीबीपीजी कॉलेज की तरफ गश्त कर रही थी। इस बीच मुखबिर ने सूचना दी कि मिर्जा की बाग में कुछ बदमाश लूट व चोरी के मोबाइल के साथ मौजूद हैं। इस पर पुलिस बाग में पहुंच गई। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो भाग निकले। पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाशों के पास से दर्जन भर मोबाइल और दो तमंचा के साथ कारतूस मिले। पकड़े गए बदमाशों की पहचान नगर कोतवाली के भदोही निवासी उज्ज्वल सिंह पुत्र सूर्यबली सिंह, सिटी के धोबियाना टोला निवासी मोहम्मद आदिल पुत्र नफीस व बड़नपुर बेलखरान निवासी संजीव सिंह पुत्र अजय सिंह के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक नगर के सरोज चौराहा निवासी हिमांशु व बड़नपुर बेलखरान निवासी संदीप सिंह पुत्र अवधेश सिंह मुठभेड़ के दौरान भाग निकले। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धराओं में मुकदमा दर्ज कर शनिवार को जेल भेज दिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाशों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह अपने जेब खर्च के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने बताया कि मोबाइल चोरी करने के लिए महाविद्यालयों के साइकिल स्टैंड के पास मंडराते रहते थे। परीक्षार्थी बाइक खड़ी कर डिग्गी में मोबाइल और पर्स रखकर परीक्षा देने अंदर चले जाते थे। इस बीच मौका पाकर डिग्गी का लॉक तोड़कर वह मोबाइल लेकर चंपत हो जाते थे।