आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर स्थित ढकवा बाजार के समीप शुक्रवार को पश्चिम बंगाल से अजमेर जा रही टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। हादसे में दो दर्जन यात्रियों को चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बस के कांच तोड़कर लोगों को बाहर निकाल लिया। एंबुलेंस और स्कूली बस से घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरों ने उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी।
बस पश्चित बंगाल के मेदनापुर जिले के पंचटूटा थाने से अजमेर शरीफ जा रही थी। ढकवा बाजार के पास अनियंत्रित होकर तालाब में जा घुसी। हादसे की सूचना पर जौनपुर जिले की सिंगरामऊ, बदलापुर पुलिस के साथ जिले के देवसरा थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब में प्रवेश कर बस का कांच तोड़कर घायल यात्रियों को बाहर निकाला। सारे यात्रियों को बाहर करने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे में नौशाद अली (58), हुरजान बीबी (50), अनास हुसैन (44), आसिफ (44), जाकिर (50), रमेश (32), संदीप (41) समेत दो दर्जन यात्री घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस और स्कूली बस से अस्पताल भेजा गया।