पीआरडी जवान के भरोसे चल रहा दूरसंचार केंद्र
सप्ताह भर से काम नहीं कर रहा बीएसएनएल का टॉवर, उपभोक्ता परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
पृथ्वीगंज बाजार। बीएसएनएल विभाग अपने उपभोक्तओं को सुविधा नहीं दे पा रहा है। इसके पीछे कर्मचारियों का अभाव सामने आ रहा है। पृथ्वीगंज बाजार में दूरसंचार केंद्र का एक्सचेंज है। इसकी देखरेख करने के लिए महज एक पीआरडी के जवान की तैनाती की गई है। वह रात में ड्यूटी करता है और दिन में गायब रहता है। इसके चलते बीते सप्ताह भर से दूरसंचार केंद्र पूर्ण रूप से ठप पड़ा है। जिससे बीएसएनल के उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश है। क्षेत्र के राजेश सिंह, संतोष ओझा, राधेश्याम, राकेश कुमार, अलगू मोदनवाल, आनंद, शब्बीर, हकीम आदि ने व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।
जमीन विवाद में मारपीट, तीन लोग घायल
संड़वाचंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र के लोनियामऊ निवासी जगन्नाथ पुत्र रामप्रसाद का पड़ोसी रामरतन से जमीन का विवाद चल रहा है। सोमवार को बंटवारे को लेकर विवाद होने लगा। बात बढ़ी तो मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में जगन्नाथ तथा दूसरे पक्ष से रामरतन घायल हो गए। बीच-बचाव करने दौड़े जगन्नाथ के भाई चंद्रकांत को भी चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची अंतू पुलिस तीनों को पकड़कर थाने लेकर आई और शांतिभंग में चालान कर दिया।
40 लीटर कच्ची शराब के साथ युवक गिरफ्तार
संड़वाचंद्रिका। अंतू पुलिस ने 40 लीटर कच्ची शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। वह शराब बेचने जा रहा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। अंतू पुलिस को मुखबिरों ने सूचना दी कि पारा हमीदपुर ईंट-भट्ठे के पास एक युवक कच्ची शराब लेकर कहीं बेचने जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। उसकी पहचान रामबरन सरोज पुत्र केदारनाथ निवासी पारा हमीरपुर गढ़ही के रूप में हुई।
बाइक की टक्कर से अधेड़ घायल
उड़ैयाडीह। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के सांगापट्टी गांव निवासी रामआसरे यादव साइकिल से किसी काम से उड़ैयाडीह बाजार जा रहा था। उडैयाडीह चौराहे से बाजार की तरफ मुड़ते समय रानीगंज से पट्टी की ओर जा रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।